
जमशेदपुर : पिछले दिनों रांची में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रही आंगबाड़ी सेविका व सहायिकाओं पर पुलिसिया लाठीचार्ज के खिलाफ गुरुवार को जनता दल यूनाइटेड (युवा) ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया. इस दौरान दल की ओर से राज्यपाल के नाम उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें कहा गया है कि सेविका-सहायिकाएं अपनी आवश्यक मांगों को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रही थीं. उन पर पुरुष पुलिसकर्मियों के द्वारा लाठीचार्ज किया गया. यह अहंकार व महिलाओं के प्रति असम्मान की भावना को दर्शाता है. इसकी निंदा करते हुए दल की ओर से सरकार को बर्खास्त करने की मांग की गयी है. प्रदर्शन का नेतृत्व दल के धनंजय कुमार व अन्य ने किया. इसमें दल के सदस्य व आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाएं शामिल थीं.



