
जमशेदपुर : झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने जमशेदपुर स्थित आवास में मुख्यमंत्री रघुवर दास से मुलाकात की. इन लोगों ने तीन मांग की. तीनों ही मांगों को मुख्यमंत्री ने पूरा करने का आश्वासन दिया और गति के साथ इसको पूरा करने का आश्वासन दिया. इन लोगों ने मुख्यमंत्री को याद दिलाया कि 14 जनवरी को जमशेदपुर शाखा द्वारा निर्मित पुलिस केंद्र के कैंटीन का उदघाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा की गयी घोषणा पश्चात झारखंड राज्य के पुलिसकर्मियों को 13 माह का वेतन राज्य सरकार द्वारा स्वीकृति दिये जाने के लिए आभार प्रकट करने के साथ ही 13 माह के वेतन के साथ 20 दिन के सीपीएल को पूर्व की तरह चालू रखने हेतु अनुरोध किया गया. एसोसिएशन की ओर से जमशेदपुर पुलिस केंद्र में मैरेज हाल निर्माण कराया गया, इसके लिये पूरे पुलिस परिवार की ओर से आभार प्रकट किया गया. इसके साथ ही पुलिस केंद्र में 100 बेड का पुलिस क्लब का निर्माण कराने तथा जमशेदपुर पुलिस केंद्र के मैदान को स्टेडियम के रूप में विकसित कराने की भी मांग की गयी. इस पर मुख्यमंत्री द्वारा पुलिस कलब के निर्माण तथा पुलिस केंद्र के मैदान को स्टेडियम के रूप में विकसित करने के लिए आश्वासन दिया गया. एसोसिएशन की ओर से उपाध्यक्ष शिवशंकर राम, सचिव संतोष कुमार महतो, कोषाध्यक्ष अजय कुमार सिंह के साथ पूर्व प्रांतीय उपाध्यक्ष जयपाल सिरक और पुलिस निरीक्षक सह सीतारामडेरा थाना प्रभारी अंजनी कुमार, सिदगोड़ा थाना प्रभारी मनोज ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक उपेंद्र राय, झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के सचिव कालिका राय समेत अन्य लोग मौजूद थे.



