
घाटशिला : घाटशिला विधानसभा के मुसाबनी प्रखंड की आंगनबाड़ी केन्द्रों की सेविका-सहायिकाओं ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास का पुतला दहन किया. इस कार्यक्रम को कांग्रेस व झामोमु ने भी समर्थन दिया. उन्होंने कहा कि राजधानी रांची में आंगनबाड़ी सेविका व सहायिकाओं अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन कर रही थीं. वहां पुरुष पुलिस बल द्वारा बर्बरता पूर्ण लाठीचार्ज किए जाने के विरोध में सिदो-कान्हू चौक पर मुख्यमंत्री रघुवर दास का पुतला दहन किया गया. इससे पहले मुसाबनी प्रखंड कार्यालय से सेविका सहायिकाएं जुलूस की शक्ल में रघुवर सरकार के विरोध में नारा लगाते हुए सिदो-कान्हू चौक पहुंचीं और मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया. इस दौरान कोल्हान प्रमंडल सेविका सहायिका संघ के उपाध्यक्ष सह मुसाबनी प्रखंड सचिव लक्ष्मी रानी पातर, सेविका सहायिका संघ के मुसाबनी प्रखंड अध्यक्ष रानी सबरीन, उमा भगत, सावित्री बास्के, सरला मुर्मू लतिका सिंह, चिंता देवी सोनामुनी मुर्मू, नीरू पूर्ति समेत अन्य उपस्थित थी. इस दौरान कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रदीप बलमुचू, झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला संगठन सचिव रविंद्र नाथ मार्डी झामुमो सोशल मीडिया प्रभारी गौरंग माहली, दामा बेसरा समेत कांग्रेस व जदयू के कई नेता मुख्यमंत्री रघुवर दास के पुतला दहन कार्यक्रम में समर्थन देते हुए शामिल हुए.



