
जमशेदपुर : टाटा स्टील की सुरक्षाकर्मियों की टीम ने बीती रात एलडी-1 ट्रैक हॉपर क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया. सुरक्षा विभाग को पूर्व से ही गुप्त सूचना मिली थी कि देर रात कुछ असामाजिक तत्व चोरी की योजना बना रहे हैं. इसी आधार पर रात करीब 11:50 बजे पूरे क्षेत्र में सुरक्षा घेराबंदी की गई घेराबंदी के दौरान संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत दबिश दी. (नीचे देखे पूरी खबर)
इस दौरान एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे. गिरफ्तार आरोपी की पहचान रहमत कुरैशी (35 वर्ष), पिता अनमल कुरैशी, निवासी धातकीडीह ब्लॉक-ए, बड़ी मस्जिद के पास के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, रहमत कुरैशी आदतन अपराध में लिप्त है और इससे पहले भी दो बार चोरी की कोशिश में पकड़ा जा चुका है. नियमित प्रक्रिया के तहत उसे डब्ल्यूपीएफए में मेडिकल परीक्षण के बाद बिस्टुपुर थाना पुलिस को सौंप दिया गया. सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कंपनी परिसर में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी.




