जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम थाना अंतर्गत आरवीएस स्कूल के पास पुलिस बल पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है. इस संबंध में एएसआई अमर सिंह राठौर के बयान पर एमजीएम थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने दो आरोपियों को नामजद बनाते हुए 8-10 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है. आरोपियों में सीतारामडेरा निवासी सुमित बेक और डिमना लेक स्थित अलकतरा फैक्ट्री के बगल में रहने वाला गुहीराम सिंह शामिल हैं. इसके अलावा अन्य हमलावरों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. पुलिस ने बताया कि घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे की है. (नीचे भी पढ़े)
सूचना मिली थी कि आरवीएस स्कूल के पास दो पक्षों में विवाद हुआ है. विवाद की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले को सुलझाने का प्रयास करने लगी. इसी दौरान अचानक भीड़ ने पुलिस पदाधिकारियों और बल पर हमला बोल दिया. नाजायज मजमा बनाकर उत्पातियों ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की. पुलिस का कहना है कि हमले में शामिल कुछ लोगों की पहचान की जा चुकी है जबकि शेष की तलाश की जा रही है. फिलहाल मामले की जांच जारी है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी. साथ ही अज्ञात हमलावरों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी चल रही है. थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस बल पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.




