सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निदेशानुसार जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी के नेतृत्व में गम्हरिया एवं आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सापड़ा तथा बुरूडीह में औचक निरीक्षण किया गया. इस दौरान अवैध रूप से बालू परिवहन करते हुए वाहन संख्या जेएच 05एजी -9312 को जब्त कर थाने में सुपुर्द किया गया. उक्त वाहन के मालिक एवं चालक पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है. जिला खनन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं परिवहन की गतिविधियों पर किसी भी प्रकार की रियायत नहीं बरती जाएगी तथा इस पर निरंतर कठोर कार्रवाई की जाएगी.(नीचे भी पढ़े)
इस संबंध में निर्देश दिया गया है कि जिले में बिना लाइसेंस अथवा वैध कागजात के किसी भी प्रकार का खनन या परिवहन पूर्णतः वर्जित रहेगा, लाइसेंसधारी वाहनों को निर्धारित मार्ग एवं निर्धारित मात्रा का ही परिवहन करने की अनुमति होगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वाहन जब्ती के साथ-साथ प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. थाना स्तर पर नियमित गश्ती एवं जांच अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं और आमजन से अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध खनन अथवा परिवहन की सूचना प्राप्त हो तो उसे तुरंत जिला प्रशासन अथवा संबंधित थाना को उपलब्ध कराएं ताकि दोषियों पर त्वरित कार्रवाई की जा सके.




