जमशेदपुर : जमशेदपुर के बहरागोड़ा विधानसभा अंतर्गत केरूकोचा फुटबॉल मैदान में वीर शहीद साबुआ हांसदा स्मारक समिति द्वारा आयोजित 38वां शहादत दिवस समारोह बड़े ही श्रद्धा और गरिमा के साथ संपन्न हुआ. इस अवसर पर पोटका विधानसभा संजीव सरदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और वीर शहीद साबुआ हांसदा के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. कार्यक्रम में ईचागढ़ विधायक सविता महतो, बहरागोड़ा विधायक समीर महंती, पूर्व विधायक कुणाल सारंगी, झामुमो के आंदोलनकारी नेतागण सहित पोटका व डुमुरिया प्रखंड कमेटी के कई नेता भी उपस्थित रहे. अपने संबोधन में विधायक संजीव सरदार ने कहा कि वीर शहीद साबुआ हांसदा एक साधारण संथाल परिवार से निकलकर आदिवासी समाज के उत्थान और स्वतंत्रता संग्राम के सशक्त योद्धा बने. उन्होंने आदिवासी समुदाय, विशेष रूप से संथालों की शिक्षा, सामाजिक न्याय और कल्याण के लिए अपना जीवन समर्पित किया. उन्होंने आगे कहा कि साबुआ हांसदा न सिर्फ एक महान वक्ता थे, बल्कि उन्होंने अपने समाज को ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संगठित कर आदिवासी विद्रोह का नेतृत्व किया. (नीचे भी पढे)

उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनका नाम हमेशा इतिहास के पन्नों में अमर रहेगा. दूसरी ओर, पोटका प्रखंड अंतर्गत भाटिन पंचायत के जादूगोड़ा उच्च विद्यालय में शुक्रवार को स्कूल प्रबंधन समिति की ओर से शिक्षक-अभिभावक वार्षिक मिलन समारोह सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर पोटका विधायक संजीव सरदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विधिवत दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. विधायक संजीव सरदार का विद्यालय प्रांगण में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने पारंपरिक कालो नृत्य के साथ भव्य स्वागत किया. अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि शिक्षक केवल किताबों का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि वे जीवन को सही दिशा दिखाने का कार्य करते हैं. वे हमें सही और गलत का फर्क समझाते हैं, अनुशासन और संस्कार सिखाते हैं और हमारे सपनों को पंख देते हैं. उन्होंने कहा कि हमारे जीवन में हर शिक्षक का योगदान अमूल्य है, चाहे वह स्कूल का हो, कॉलेज का या कोई ऐसा व्यक्ति जिसने हमें कुछ नया सिखाया हो. उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार आबुआ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में लगातार सहायता प्रदान कर रही है. विधायक ने आश्वस्त किया कि वे हमेशा शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों और अभिभावकों के साथ खड़े रहेंगे. इस मौके पर प्रधानाध्यापक तपन कुमार साहू, एंजेला सीमा वाड़ा, रीना कुमारी, रजली माई टुडू, सोमा महतो, देवेंद्र कुमार, शंकर सिंह, अनीता टोप्पो, रघुनाथ महतो वहीं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रमेश सोरेन, पूजा सरदार, रीना देवी, संदिर बाँकीरा, रीना दे, कविता हो, चंपावती पात्रों उपस्थित हुए.



