बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के धानघोरी सड़कडीह के समीप सड़क दुर्घटना में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए. तीनों युवक बाइक से चाकुलिया की ओर जा रहे थे, उसी दौरान अचानक एक सुअर सड़क पर आ गया. उसे बचाने के प्रयास में बाइक चालक संतुलन खो बैठा और बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई. हादसे में तीनों युवक घायल हो गए. घायलों की पहचान सूरज मानकी (19) मटिहाना, अमृत मुंडा (19) गोलापड़ासिया और राज कुमार सिंह (21) बनकाटा गांव निवासी के रूप में हुई है. दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को मानुषमुड़िया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. पीएचसी में स्वास्थ्य कर्मियों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया. उपचार के बाद तीनों की स्थिति सामान्य होने पर उन्हें घर भेज दिया गया.












