जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव के नेतृत्व में चेकिंग अभियान के दौरान की गई. बर्मामाइंस थाना में दर्ज मामले के संदर्भ में उक्त कार्रवाई की गई. इस संबंध में आवेदक प्रभात रंजन मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 अक्टूबर 2025 को उनकी काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक एनटीटीएफ कॉलेज के बाहर से चोरी कर ली गई है. (नीचे भी पढ़ें)
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम ने सघन जांच शुरू की. अभियान के दौरान टीआरएफ गेट के पास डनलप मैदान में बिना नंबर प्लेट की एक बाइक पर तीन युवक संदिग्ध अवस्था में दिखे. जब उनसे कागजात मांगे गए, तो वे कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके. इंजन और चेसिस नंबर की जांच में बाइक चोरी गई मोटरसाइकिल निकली. पुलिस तत्काल तीनों को गिरफ्तार कर थाना लाई. गिरफ्तार आरोपियों में बिट्टू कालिंदी (21), सुमित वर्मा (20) और रोहित वर्मा (22) शामिल हैं. तीनों कंचन नगर, बर्मामाइंस के रहने वाले हैं. पुलिस सूत्रों के अनुसार, बिट्टू कालिंदी पहले भी जेल जा चुका है. इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव, एसआइ मनीष कुमार, दुति कृष्ण महतो, अभय कुमार और हवलदार महेन्द्र प्रसाद यादव शामिल रहे.



