सरायकेला : सरायकेला जिले के राजनगर थाना अंतर्गत राजनगर- टाटा मुख्य मार्ग स्थित पखनाडीह लाइन होटल के पास रविवार देर रात करीब 8 बजे के आसपास दो बाइक सवारों आपस में जोरदार टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बाइक पर सवार दो युवक राजनगर की ओर से आ रहे थे, जबकि दूसरी बाइक हेंसल की दिशा से राजनगर की ओर जा रही थी. जैसे ही दोनों वाहन पखनाडीह के पास पहुंचे, तेज रफ्तार के कारण उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और चारों सवार सड़क किनारे जा गिरे. घटना के तुरंत बाद स्थानीय समाजसेवी अजय कुमार गोप ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस को फोन कर मौके पर बुलाया. (नीचे भी पढ़ें)

सभी घायलों को गंभीर अवस्था में राजनगर सीएचसी भेजा गया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है. सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि घायलों में दो व्यक्ति राजनगर थाना क्षेत्र के बनकाटी गांव के निवासी हैं, जबकि दो अन्य जोरटांड़ गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर गति नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.



