जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला युवा कांग्रेस कमेटी के महासचिव मंगलदेव सिंह उर्फ सन्नी ने शुक्रवार को अन्य कार्यकर्ताओं के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंच कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में उन्होंने ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों एवं गोलमुरी टीओपी के मुंशी के खिलाफ युवक कांग्रेस कार्यकर्ता को चोट पहुंचाने एवं मानहानि करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ उचित् कार्रवाई किये जाने की मांग की है. इसके अलावा ज्ञापन में गोलमुरी टीओपी के मुंशी औरंगजेब पर विगत दस वर्षों से एक ही जिले में जमे होने के कारण आम लोगों के साथ अक्सर बदसलूकी करने एवं भयादोहन करने का आरोप लगाते हुए उन्हें दूसरे जिले में स्थानांतरित किये जाने की मांग भी की है. (नीचे भी पढ़ें)
मंगलदेव सिंह ने अपने ज्ञापन में बताया है कि विगत 2 दिसंबर की शाम 5 बजे के करीब सिदगोड़ा रोड नंबर 28 में ट्रैफिक जांच के दौरान उधर से गुजर रहे युवा कांग्रेस कार्यकर्ता पीयूष शर्मा एवं आकाश कुमार पर साथ वहां मौजूद पुलिस अधिकारी एसएस पासवान ने बैहिकेड धकेल कर गिरा दिया, जिससे उन्हें चोट आई. उन्होंने बताया कि उन लोगों ने युवा कांग्रेस महासचिव निखिल तिवारी को इसकी सूचना दी. निखिल तिवारी द्वारा वहां पहुंच कर पुलिस अधिकारी एसएस पासवान से कार्यकर्ताओं को जख्मी किये जाने का कारण पूछे जाने पर श्री पासवान भड़क उठे और उन्हें भी मारने की धमकी देते हुए दोबारा दिखाई नहीं देने की चेतावनी भी दे डाली. (नीचे भी पढ़ें)
श्री सिंह के अनुसार जब वे इसकी शिकायत दर्ज कराने गोलमुरी टीओपी पहुंचे तो वहां उपस्थित मुंशी औरंगजेब ने उन्हें भद्दी गालियां देते हुए सारी नेतागीरी निकाल देने की धमकी देने लगे. यहां तक कि वहां उपस्थित एक पुलिस कर्मी द्वारा उन्हें कांग्रेस नेता बताये जाने पर वे और भड़क गए और उन्हें लफुआ बताते हुए वहां से भाग जाने की चेतावनी दे डाली. श्री सिंह ने ज्ञापन में दोनों पदाधिकारियों के खिलाफ शिकायत का संज्ञान लेते हुए उनके खिलाफ उचित कार्रवाई किये जाने की मांग की है. उनका कहना है कि टीओपी का मुंशी औरंगजेब पूर्वी सिंहभूम जिले में विगत दस वर्षों से जमे होने के कारण अक्सर लोगों के साथ दबंगई एवं भयादोहन करते रहते हैं. इसके मद्देनजर उन्होंने मुंशी औरंगजेब का जिले से स्थानांतरण किये जाने की मांग की है.



