रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर : पश्चिम सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड अंतर्गत दंतेल हाथी का तांडव जारी है, जहां दूसरी रात बिला गांव में दंतेल हाथी के हमले से एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी ने महिला को अचानक निशाना बनाते हुए पटक-पटक कर मार डाला. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से दंतैल हाथी की सक्रियता बनी हुई है. लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल है. लोग रात के समय घरों से निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल हस्तक्षेप, गश्ती बढ़ाने और हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने की मांग की है. वहीं प्रशासन से प्रभावित परिवार को तत्काल मुआवजा और गांव में सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की अपील की गई है. मानव-हाथी संघर्ष की घटनाएं बढ़ रही हैं. विशेषज्ञों के अनुसार, निगरानी, चेतावनी प्रणाली और सामुदायिक जागरूकता से ऐसे हादसों को कम किया जा सकता है. स्थानीय प्रशासन व वन विभाग की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि गोइलकेरा प्रखंड के अमराई कितापी गांव के टोपनोसाई टोला में भी हाथी ने एक महिला को पटक कर मार डाला था. इस घटना में महिला का पति और बेटा भी घायल है.















