जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार करीब 11:00 बजे बारीगोड़ा फाटक के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां बस चालक की लापरवाही सामने आई है. एक घटना में स्कूटी सवार लड़की राहरगोड़ा निवासी 15 वर्षीय अंजली कुमारी ठाकुर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार बारीगोड़ा फाटक बंद होने के कारण बस के पीछे स्कूटी सवार लड़की खड़ी थी. तभी बस चालक बिना हैंड ब्रेक लगाये नीचे उतर गया और ढलान होने के कारण बस नीचे लुढ़के लगा, जिससे बस के पीछे खड़ी लड़की बस की चपेट में आ गयी और उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के बाद से बस चालक फरार है. यात्री बस संख्या जेएच05वाइ7464 राहरगोड़ा से साकची के बीच चलती है. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया.(नीचे भी पढ़ें)

लोगों का आरोप है कि लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है. सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है. पुलिस द्वारा लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने की कोशिश की जा रही है. परंतु खबर लिखे जाने तक लोगों ने रेलवे ट्रैक और सड़क दोनों को जाम कर दिया है.















