जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको सिग्नल के पास सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे मोमोज खा रहे एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया. इस घटना में गोलमुरी गाढ़ा बासा निवासी चंदन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. हमले के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. चंदन के साथ मौजूद उसके दोस्तों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत इलाज के लिए (टीएमएच) पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है. घायल चंदन कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपने तीन दोस्तों के साथ एग्रिको सिग्नल के पास मोमोज खाने गया था. इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और एक अन्य युवक को जबरन उठाकर ले जाने का प्रयास करने लगे. यह देख चंदन ने साहस दिखाते हुए इस घटना का विरोध किया. उसने न सिर्फ युवकों को रोका, बल्कि तुरंत पुलिस को फोन कर पूरे मामले की सूचना भी दी. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर वहां से भेज दिया. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कुछ देर के लिए स्थिति सामान्य हो गई. लेकिन पुलिस के जाते ही हालात अचानक बिगड़ गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर बाद 10 से 12 की संख्या में युवक दोबारा मौके पर पहुंचे और चंदन को घेरकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. मारपीट के दौरान हमलावरों में से एक युवक ने चापड़ निकालकर चंदन पर हमला कर दिया. चापड़ का वार उसके दाहिने हाथ पर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ हो गया. घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह स्थिति को संभाला और घायल युवक को अस्पताल भेजा. (नीचे भी पढ़ें)
फिलहाल चंदन कुमार का इलाज टीएमएच में चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार उसके हाथ में गहरी चोट आई है. सिदगोड़ा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. घटना के बाद एग्रिको सिग्नल और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है.














