कोलकाता : पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस को गुरुवार रात किसी ने ईमेल के जरिये जान से मारने की धमकी दी है. इसके बाद राज्यपाल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पश्चिम बंगाल लोक भवन के एक वरीय पदाधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार धमकी भरा ईमेल भेजनेवाले ने राज्यपाल को उड़ा देने की धमकी दी है. अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने ईमेल में अपना मोबाइल नंबर भी दिया है. उन्होंने बताया कि डीजीपी को इस संबंध में सूचित कर उस व्यक्ति को तुरत गिरफ्तार करने को कहा गया है. पदाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एवं केंद्रीय गृह मंत्रालय को भी इस संबंध में सूचित कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि राज्यपाल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य पुलिस एवं सीआरपीएफ मिल कर काम कर रहे हैं. राज्यपाल सीवी आनंद बोस को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है और अब उनकी सुरक्षा के लिए लगभग 60-70 केंद्रीय पुलिस कर्मी तैनात हैं. (नीचे भी पढ़ें)
उधर इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा आइटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने सीएम ममता बनर्जी को निशाने पर लेते हुए कहा कि ममता बनर्जी की टीएमसी सरकार में राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गया है. उन्होंने कहा, ‘ममता बनर्जी के शासन में आपका स्वागत है, जहां राज्यपाल भी सुरक्षित नहीं हैं. पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है.’ उन्होंने आरोप लगाया कि गृहमंत्री ममता बनर्जी कोयला तस्करी एवं मनी लॉण्ड्रिंग के आरोपी एक निजी कंपनी की रक्षा करने के लिए ईडी से आपराधिक फाइलें छीनने में व्यस्त हैं. उन्होंने कहा- ‘ममता बनर्जी एक असंयमित आपदा हैं.’















