जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी निवासी सेवानिवृत सरकारी शिक्षिका अंजली बोस भ्रष्टाचार और लालफीताशाही की भेंट चढ़ गयी. देश की सबसे बड़ी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की सोनारी शाखा की मैनेजर की हठधर्मिता के कारण एक महिला का इलाज के अभाव में जान चली गयी. उक्त शिक्षिका के बैंक एकाउंट में पैसे थे, लेकिन उस पैसे को बैंक ने नहीं दिया, जिस कारण शिक्षिका ने दम तोड़ दिया. जमशेदपुर के सामाजिक कार्यकर्ता और भाजपा से निष्कासित हो चुके नेता विकास सिंह की मांग पर जमशेदपुर के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के हस्तक्षेप के बाद बैंक के अधिकारी सुबह 10 बजे जब एमजीएम अस्पताल में महिला का साइन लेने पहुंचे तब तक उक्त महिला की मौत हो चुकी थी. सवाल यह उठता है कि पैसे नहीं देने वाले बैंक प्रबंधन और बैंक की मैनेजर या अन्य अधिकारी पर इस मामले में क्यों नहीं केस दर्ज होना चाहिए, जिनकी लापरवाही से महिला की जान चली गयी. आपको बता दें कि सोनारी निवासी सेवानिवृत शिक्षिका अंजली बोस का शुक्रवार की अहले सुबह एमजीएम अस्पताल में निधन हो गया. स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया सोनारी शाखा में लाखों रुपए रहने के बावजूद भी अंजलि बोस के परिजन स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया सोनारी शाखा के कानूनी अड़चन के कारण अंजली बोस का इलाज बड़े अस्पताल में नहीं कर पाए. (नीचे भी पढ़ें)
अंजली बोस की लाचार छोटी बहन गायत्री बोस ने बैंक से मदद नहीं मिलने पर बीते दिन भाजपा से निष्कासित नेता विकास सिंह को मामले की जानकारी देते हुए कहा था कि उनकी बड़ी बहन अंजली बोस वर्ष 2008 में कपाली विद्यालय से सेवानिवृत हुई थी. सेवानिवृत्ति के समय जितने पैसे मिले थे. उसे सोनारी के स्टेट बैंक आफ इंडिया में जमा कर दिया था. चूंकि, अंजलि अविवाहित थी इसलिए नॉमिनी में किसी का नाम उन्होंने नहीं लिखवाया था. धीरे-धीरे उनकी तबीयत खराब हो गई. डॉक्टर ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में जाने की सलाह दिया था. लेकिन पैसा बैंक में था. इसके कारण समुचित इलाज नहीं हो पाया. अंजली बोस की तबीयत खराब की जानकारी दे देकर बैंक का चक्कर लगाते लगाते परिजन थक गए. लेकिन बैंक के अधिकारी और उनकी एक नहीं सुनी. अस्पताल पहुंचे विकास सिंह ने मामले की जानकारी सीधे जमशेदपुर के उपायुक्त को दी. (नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त सीधे देर रात को ही स्वर्गीय अंजली बोस के परिजन एवं स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया सोनारी शाखा से संपर्क साध कर मदद की पहल किया. शुक्रवार की सुबह 10 बजे बैंक के सभी जिम्मेदार अधिकारी एमजीएम अस्पताल जाकर अंजली बोस की मदद में पहुंचे. लेकिन सुबह 8 बजे ही अंजलि बोस का निधन हो गया था. अस्पताल पहुंचे बैंक के अधिकारीयों को परिजनों के गुस्से का दंश झेलना पड़ा बाद में अधिकारियों ने परिजनों से माफी मांगते हुए भविष्य में गलती नहीं दोहराने की बात कही. विकास सिंह ने कहा स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया सोनारी शाखा के अधिकारियों ने जो कार्य आज करने का काम किया था यह काम अगर पहले कर दिए रहते तो अंजली बोस का निधन नहीं होता. सवाल कई सारे उठने लगे है. अगर महिला का खुद का पैसा बैंक दे दिया होता, जो कदम डीसी के हस्तक्षेप के बाद उठाया गया, वह कदम बैंक पहले उठाती तो शायद महिला की जान बच जाती. अब महिला की जान चली गयी है तो फिर कौन इसका जिम्मेदार होगा और क्यों नहीं बैंक अधिकारियों पर केस दायर किया जा रहा है.















