जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत सीतारामडेरा बस स्टैंड के पास दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी है. घटना शनिवार शाम करीब 4 बजे की है. प्राप्त जानकारी अनुसार अनियंत्रित चेचिस भुइयांडीह की ओर जा रहा था. तभी चेचिस ने बाइक सवार दंपति को रौंद दिया. दुर्घटना इतनी भयावह थी कि बाइक चेचीस में फंस गया और मौके पर ही बाइक सवार की मौत हो गयी. वहीं उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल है, जिसे पुलिस द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

दंपति की पहचान मानगो डिमना रोड विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी लाल कुमार और उनकी पत्नी नीलम शर्मा (32) के रूप में हुई है. मृतक के दो बच्चे है और पति इंश्योरेंस कंपनी में काम करता था. घटना के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है. वहीं चेचिस चालक मौके से फरार है. फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गयी है.















