चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड क्षेत्र में मकर संक्रांति का उत्साह अपने चरम पर पहुंचने लगा है.जैसे-जैसे त्योहार नजदीक आ रहा है वैसे वैसे ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी तैयारियां तेज हो गई हैं और बाजारों में रौनक देखते ही बन रही है. इसी कड़ी में शनिवार को चाकुलिया की साप्ताहिक हाट में खरीदारी के लिए जनसैलाब उमड़ा. हाट में कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही. जहां लोग पर्व के लिए नए वस्त्रों की खरीदारी करते दिखे. कपड़ों के साथ-साथ अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं की दुकानें भी पूरी तरह सजी हुई थीं. (नीचे भी पढ़े)
पारंपरिक रीति-रिवाजों को निभाने के लिए ग्रामीणों ने मिट्टी के बर्तनों की भी जमकर खरीदारी की. बाजार में इस बार टुसू मूर्तियों का विशेष आकर्षण देखने को मिल रहा है. टुसू पर्व की तैयारियों के तहत ग्रामीण बढ़-चढ़कर मूर्तियों की खरीदारी कर रहे हैं. टुसू मूर्ति विक्रेता असीम पाल ने बताया कि बाजार में मूर्तियों की मांग काफी अच्छी है. उन्होंने बताया कि इस वर्ष टुसू की मूर्तियां 30 रुपये से लेकर 100 रुपये तक की रेंज में उपलब्ध हैं. इन्हें लोग अपनी पसंद के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं.















