हजारीबाग: हजारीबाग केंद्रीय कारा से फरार तीनों सजायाफ्ता कैदियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. तीनों फरार कैदियों को महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के करमाला थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तारी के बाद तीनों को ट्रांजिट रिमांड पर हजारीबाग लाया गया है.फरार कैदियों का मास्टर माइंस देव भुइयां, जो धनबाद जेल से भागा था. तीनों धनबाद जिले के ही रहने वाले है. तीनों पोक्सो एक्ट के तहत सजायाफ्ता है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि देव भुइयां ने इसकी प्लानिंग बनायी. (नीचे भी पढ़े)
जेल की खिड़की की लोहे की रॉड को काटकर रास्ता बनाया. इसके बाद चादरों को फाड़कर रस्सी बनायीऔर लोहे की हूक की मदद से पहले जेल की आंतरिक दीवार और फिर बाहरी दीवार को फांदकर बाहर निकले. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि तीनों कैदियों ने अलग-अलग माध्यमों का उपयोग करते हुए बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश राज्यों से होते हुए महाराष्ट्र तक का सफर तय किया. वे महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर छिप रहे थे, जहां से उन्हें गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार किए गए तीनों कैदियों से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है.















