रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर प्रखंड के बनमालीपुर स्थित पेल्लो टुंगरी कला सांस्कृति भवन में रविवार को उरांव सरना समिति की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्घाटन विधायक सुखराम उरांव, पूर्व विधायक बहादुर उरांव एवं उरांव सरना समिति के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर सभी ने भगवान बिरसा मुंडा, वीर शहीद सिधु-कान्हू तथा कार्तिक उरांव के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की. उरांव सरना समिति के इस पहले शिविर में कुल 81 यूनिट रक्त संग्रह हुआ. रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण युवाओं और समाजसेवियों ने भाग लिया. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों द्वारा रक्तदाताओं को हेलमेट एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. वहीं उरांव सरना समिति की ओर से सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

मौके पर विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि आज ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी रक्तदान जैसे महादान को लेकर आगे आ रहे हैं, जो समाज के लिए सकारात्मक और प्रेरणादायक कार्य है. ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता बढ़ती है और युवा वर्ग समाज सेवा से जुड़ता है. उन्होंने उरांव सरना समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समिति सामाजिक, सांस्कृतिक और मानवीय कार्यों के माध्यम से समाज को एक नई दिशा दे रही है. भविष्य में भी इस तरह के जन हितकारी कार्यक्रम होते रहने चाहिएं. (नीचे भी पढ़ें)

मौके पर प्रवीर प्रमाणिक, मुखिया सोमनाथ कोया, विजय सामड, विधायक प्रतिनिधि पीरू हेंब्रम, प्रदीप महतो, उरांव सरना समिति के अध्यक्ष विमल खलखो, सचिव अरुण टोप्पो, रंजीत तिर्की, अनिल उरांव, बबलू लकड़ा, कोषाध्यक्ष अनिल कच्छप, भगेरिया फाउंडेशन के अध्यक्ष विनोद भगेरिया, कवि रणविजय, सुमिता होता फाउंडेशन के अध्यक्ष सदानंद होता, शिक्षक नील अभिमन्यु प्रधान, राजेश गुप्ता, डिक्की राव, सूरज टोप्पो, महावीर कच्छप, बुद्धू लकड़ा, किरण खलखो, ज्योति, द्रौपदी, गीता, सरस्वती, रागिनी, संगीता समेत काफी संख्या में लोग मौजूद थे.















