
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची गोलचक्कर पर रविवार की शाम वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से लाए जा रहे 100 से अधिक तोतों को जब्त किया. सभी तोते कोलकाता से लाए गए थे, जिन्हें साकची और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने की योजना थी. इससे पहले ही वन विभाग को गुप्त सूचना मिल गई थी, जिसके आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस अवैध कारोबार का भंडाफोड़ कर दिया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, तोतों को एक पेटी में बंद कर ऑटो के माध्यम से शहर में लाया जा रहा था. जैसे ही ऑटो साकची गोलचक्कर के पास पहुंचा, वन विभाग की टीम ने उसे रोक लिया और तलाशी के दौरान पेटी से दर्जनों तोते बरामद किए गए. (नीचे देखे पूरी खबर )

मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. दोनों आरोपी तोतों की तस्करी में सीधे तौर पर शामिल बताए जा रहे हैं. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि कोलकाता से और भी तोते शहर में लाए गए हैं, जिन्हें अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा गया है. इस अहम जानकारी के बाद वन विभाग की टीम दोनों आरोपियों को साथ लेकर विभिन्न इलाकों में छापेमारी शुरू कर दी है, ताकि अन्य तोतों की भी बरामदगी की जा सके. मामले को लेकर डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि जब्त किए गए सभी तोते कोलकाता से लाए गए थे. उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और आगे भी और तोतों की बरामदगी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. वन विभाग द्वारा आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है. विभाग का कहना है कि वन्य जीवों की तस्करी एक गंभीर अपराध है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे.













