जमशेदपुर : जमशेदपुर की सोनारी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए न्यू ग्वाला बस्ती इलाके में छापेमारी कर 13 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान पिंटू यादव उर्फ भैंसा के रूप में हुई है, जो सोनारी थाना क्षेत्र का ही निवासी बताया जा रहा है. पुलिस को सूचना मिली थी कि न्यू ग्वाला बस्ती इलाके में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री की जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद सोनारी थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की. इस दौरान पिंटू यादव को मौके से दबोच लिया गया और उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से 13 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गयी. गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने स्वीकार किया कि वह पिछले कई महीनों से इस अवैध धंधे में लिप्त है और क्षेत्र में नशे की पुड़िया सप्लाई करता था. (नीचे भी पढ़ें)
आरोपी ने यह भी बताया कि वह युवाओं को अपना निशाना बनाकर नशीले पदार्थों की बिक्री करता था. इस संबंध में सोनारी थाना में एसआई शिवम राज के बयान पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बरामद ब्राउन शुगर को जब्त कर लिया है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. सोनारी पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस धंधे में आरोपी के साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा नशीले पदार्थों की सप्लाई कहां से हो रही थी. पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.















