जमशेदपुर: जमशेपुर के ग्रामीण इलाके कोवाली थाना अंतर्गत ढेगाम हाट बाजार में डुमरिया के रंगामाटिया निवासी प्रतिमा सरदार के बेटे इंद्रदेव सरदार की चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में झुमारानी मंडल को गिरफ्तार कर लिया है. इसकी जानकारी ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने दी. उन्होंने इस संबंध में बताया कि डुमरिया के रंगामाटिया निवासी प्रतिमा सरदार अपने बेटी व बेटे को लेकर ढेगाम हाट बाजार में मुर्गा बेचने आयी थी. हाट में काफी भीड़ होने के कारण बेटी ममता सरदार को चार माह के पुत्र इंद्रदेव सरदार को देख रेख करने की जिम्मेदारी दी थी. महिला ने भीड़ का फायदा उठाते हुए बच्चा को अगवा कर लिया. (नीचे भी पढ़े)
काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चला तो इसकी जानकारी महिला ने पति को दी. इसके बाद पति ने कोवाली थाने में अज्ञात के खिलाफ एक मामला दर्ज कराया. मामला दर्ज होते ही पुलिस रेस हो गयी. मुसाबनी पुलिस उपाधीक्षक के नेृतत्व में एक टीम का गठन किया गया. टीम के सदस्यों ने 14 घंटे के अंदर बच्चा को सकुशल बरामद कर लिया है. साथ ही झुमारानी मंडल को कोवाली थाना अंतर्गत भेलाईडीह से गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार महिला को कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया है.















