जमशेदपुर: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बीती रात एक अज्ञात वाहन ने बिरसानगर से बारीडीह आने वाली सड़क पर बिजली के खंभे में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली का पोल टूटकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान के ऊपर गिर गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए. स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा देर रात हुआ, जिससे बड़ा हादसा टल गया. गनीमत रही कि जिस समय बिजली का खंभा दुकान पर गिरा, उस वक्त दुकान बंद थी और वहां कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था. दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. बिजली विभाग को भी घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद आपूर्ति बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की गई. पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है.















