जमशेदपुर : भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री अमित अग्रवाल ने जमशेदपुर में लगातार घटित हो रही गंभीर आपराधिक घटनाओं को लेकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन पर तीखा एवं सीधा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर जैसे औद्योगिक और प्रतिष्ठित शहर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों का खुला राज चल रहा है. प्रशासन की निष्क्रियता के कारण आम जनता भय और असुरक्षा के साए में जीने को मजबूर है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि टेल्को क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी जाती है और पुलिस-प्रशासन तमाशबीन बना रहता है. अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं, जिससे यह स्पष्ट है कि उन्हें न पुलिस का डर है और न ही कानून का कोई भय. उन्होंने कहा कि आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष देवांग गांधी के 24 वर्षीय पुत्र कैरव गांधी के अपहरण की घटना ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया है. इस घटना ने यह साबित कर दिया है कि अब न आम नागरिक सुरक्षित है और न ही उद्योग जगत से जुड़े परिवार. यदि उद्योगपतियों और उनके परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है,तो आम जनता की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि यह सब राज्य सरकार की घोर नाकामी और प्रशासनिक विफलता का प्रत्यक्ष प्रमाण है. जमशेदपुर जैसे औद्योगिक शहर को अपराधियों के हवाले कर दिया गया है, जिससे न केवल सामाजिक माहौल खराब हो रहा है, बल्कि औद्योगिक निवेश और रोजगार पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार अपराध नियंत्रण के नाम पर केवल बयानबाजी कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं. अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त होने के कारण वे खुलेआम कानून को चुनौती दे रहे हैं. उन्होंने जिला प्रशासन को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो भारतीय जनता युवा मोर्चा जनहित में सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी.











