गालूडीह : घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन शुक्रवार को क्षेत्र के बाघुड़िया उत्क्रमित उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित शिक्षक-अभिभावक बैठक में शामिल हुए. जिला की एक टीम ने बच्चों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शिक्षा को लेकर जागरूक किया. इस दौरान विधायक ने बाउंड्री निर्माण का भूमिपूजन भी किया. निर्माण कार्य एनआरईपी के तहत 16 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है. विधायक ने कहा कि शिक्षक और अभिभावकों में अच्छा संबंध होना बहुत जरूरी है. उन्होंने स्कूल के बाद घर में बच्चों की निगरानी की भी जरूरत बताई. उन्होंने कहा कि स्कूल में बच्चे क्या पढ़ रहे हैं, इसकी जानकारी होना जरूरी है. अभिभावकों का यह फर्ज बनता है कि अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा देकर आगे बढ़ाएं. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम कर रही है. झारखंड सरकार जन्म से लेकर सहयोग कर रही है. सरकार स्कॉलरशिप देकर शिक्षा में मदद कर रही है. 12वीं के बाद तैयारी के लिए रांची में बच्चों को निःशुल्क कोचिंग दी जा रही है. सरकार शिक्षा को लेकर हमेशा गंभीर है. उन्होंने कहा कि हेंदलजुड़ी में ट्राइबल यूनिवर्सिटी का निर्माण होगा. यूनिवर्सिटी में स्थानीय भाषाओं में पढ़ाई होगी. मौके पर ग्राम प्रधान पुरुषोत्तम सोरेन, कालीपद गोराई, दुर्गाचरण मुर्मू, बड़ा दुर्गा मुर्मू आदि उपस्थित थे.











