जमशेदपुर : जमशेदपुर का प्रतिष्ठित बाबा बंदा सिंह बहादुर गतका अखाड़ा त्रिपुरा की धरती पर पहली बार अपने हैरतअंगेज गतका प्रदर्शन से दर्शकों को आश्चर्यचकित करेगा. सिखों के दसवें गुरु गुरु गोबिंद सिंह जी के 359वें प्रकाश पर्व को समर्पित समागम में जमशेदपुर की इस गतका टीम को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है. 12 सदस्यीय टीम शुक्रवार को हवाई मार्ग से त्रिपुरा के लिए रवाना हो गई है. (नीचे भी पढ़ें)
मानगो गुरुद्वारा सिंह सभा के महासचिव और बाबा बंदा सिंह बहादुर गतका अखाड़ा के प्रमुख सरदार जसवंत सिंह जस्सू ने बताया कि त्रिपुरा की राजधानी अगरतला स्थित गांधीघाट गुरुद्वारा साहिब में जहां वे दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व को समर्पित भव्य गतका प्रदर्शन प्रस्तुत करेंगे, यह न केवल अखाड़े के लिए बल्कि पूरे जमशेदपुर शहर के लिए गर्व की बात है. (नीचे भी पढ़ें)
जस्सू ने बताया की शनिवार और रविवार को बाबा बंदा सिंह बहादुर गतका अखाड़ा का गतका प्रदर्शन रखा गया है जिसमें 12 सदस्यीय गतका टीम में शामिल जसवंत सिंह जस्सू, हरप्रीत सिंह, गगनदीप सिंह, मनप्रीत सिंह, तरणप्रीत कौर, सिमरप्रीत कौर, मनप्रीत सिंह (बारीडीह), मनिंदर सिंह, लवप्रीत सिंह, मनप्रीत सिंह (न्यू बारीडीह), जगदीप सिंह और गुरविंदर सिंह अपनी गतका कला का प्रदर्शन करेंगे. उन्होंने कहा कि अखाड़े के सभी खिलाड़ी निरंतर अभ्यास, अनुशासन और गुरमत सिद्धांतों के साथ आगे बढ़ रहे हैं और भविष्य में भी देश-विदेश में जमशेदपुर का नाम रौशन करने का संकल्प रखते हैं. ज्ञातव्य है कि यह जमशेदपुर का पहला ऐसा गतका ग्रुप है जो अब तक बंगाल, ओडिशा, बिहार, पंजाब और जयपुर सहित देश के विभिन्न राज्यों में लगातार अपने दमदार प्रदर्शन से न केवल सिख परंपरा का प्रचार करता रहा है बल्कि जमशेदपुर का नाम भी गौरवान्वित करता रहा है.











