जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह मेन रोड स्थित कार हॉस्पिटल नामक गैरेज में शुक्रवार की रात अज्ञात असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों द्वारा आगजनी की गंभीर घटना को अंजाम दिया गया. इस घटना में गैरेज में मरम्मत के लिए खड़ी तीन कारें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गयी, जबकि एक अन्य कार आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार कार हॉस्पिटल गैरेज वैद्यनाथ महतो एवं मंगल कुजूर की साझेदारी में संचालित होता है. घटना के समय गैरेज में मरम्मत के लिए ग्राहकों की कई गाड़ियां खड़ी थीं. इनमें एक कार संख्या डस्टर जेएच10एबी 4439, दूसरी टाटा नैनो (जेएच05एल4648) तथा तीसरी मारूति अल्टो (ओआर02बीके 1670) तीनों आग लगने से पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गए. इसके अलावा बगल में खड़ी मारूति 800 (जेएच05एच3419) का बंपर भी आग की चपेट में आ गया. घटना के समय मकर संक्रांति पर्व के कारण गैरेज के सभी कर्मचारी छुट्टी पर थे. (नीचे भी पढ़ें)
गैरेज के पार्टनर वैद्यनाथ महतो भी अपने घर गए हुए थे. रात्रि में केवल एक स्टाफ मौजूद था, लेकिन कड़ाके की ठंड के कारण वह अंदर कमरे में था, जिससे बाहर घटित इस घटना की जानकारी उसे समय पर नहीं हो सकी. गैरेज संचालकों ने आशंका जताई है कि यह घटना सुनियोजित है और किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जानबूझकर आग लगाई गयी है. आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गयी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आगजनी करने वाले लोगों की पहचान की जा सके. इस घटना से गैरेज संचालकों और वाहन मालिकों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है.











