मालदा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मालदा टाउन स्टेशन से हावड़ा और गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई. इसके साथ ही, उन्होंने यहां से गुवाहाटी-हावड़ा वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की वापसी को डिजिटल रूप से हरी झंडी भी दिखाई. इस मौके पर, प्रधानमंत्री ने ट्रेन के अंदर बच्चों और स्कूल छात्रों से भी बातचीत की. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में कहा कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को आधुनिक भारत की बढ़ती परिवहन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है. यह ट्रेन पूरी तरह से वातानुकूलित होगी और यात्रियों को “ कम दाम में विमान जैसा यात्रा अनुभव” मिलेगा. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं, पीएम मोदी ने मालदा में आज 3250 करोड़ रुपए से ज्यादा की कई रेल और सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया. इस दौरान एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया भर के कई समृद्ध देश अपने यहां से अवैध घुसपैठियों को बाहर निकाल रहे हैं. आज बंगाल में भी कई घुसपैठियों को देश से बाहर निकालने की जरूरत है. क्या टीएमसी इन घुसपैठियों को निकालेगी? टीएमसी तो इनको वोटर बना रही है. भाजपा की सरकार बनाइए हम इनको देश से बाहर निकालेंगे. श्री मोदी ने कहा, ‘इन घुसपैठियों की वजह से आज बंगाल में कई जगह आबादी का संतुलन भी बिगड़ गया है. भाजपा की सरकार बनने पर एक एक घुसपैठियों को चुन-चुन कर बाहर भेजेंगे. बंगाल के लोगों का तभी भला होगा, जब यहां रुकावट डालने वाली टीएमसी की नहीं, विकास वाली भाजपा की सरकार होगी.’ उन्होंने कहा कि पूर्वी भारत को नफरत की राजनीति करने वालों ने जकड़ कर रक्खा था, भाजपा ने उन्हें नफरत करनेवालों के चंगुल से मुक्त कराया है. उन्होंने कहा कि त्रिपुरा, असम और कुछ दिन पहले बिहार में भी भाजपा को अपना समर्थन दिया है. मां गंगा के आशीर्वाद से अब बंगाल में भी विकास की गंगा बहेगी. (नीचे भी पढ़ें)
बंगाल सरकार पर निशाना लगाते हुए उन्होंने कहा, ‘टीएमसी वाले मेरे किसी भाई बहन को आयुष्मान भारत योजना का लाभ नहीं लेने देते हैं, ऐसी पत्थर दिल की सरकार की बंगाल से विदाई जरूरी है. उन्होंने कहा, ‘जहां-जहां सालों साल तक भाजपा को लेकर झूठ बोला गया, अफवाहें फैलाई गईं, वहां भी अब वोटर हमें आशीर्वाद दे रहे हैं. आज मैं आपका उत्साह देखकर पूरे विश्वास के साथ कह रहा हूं कि इस बार बंगाल के लोग भी भाजपा को विजयी बनाएंगे.











