जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी थाना अंतर्गत खूंटाडीह में मंगलवार दोपहर ठगी की एक गंभीर घटना सामने आई, जिसमें दो शातिर युवकों ने एक वृद्धा को झांसे में लेकर करीब चार लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने लेकर फरार हो गए. घटना उस समय हुई जब दोनों युवक खुद को पीतल का बर्तन साफ करने वाला बताकर वृद्धा के घर पहुंचे.ठगों ने बातचीत के दौरान दावा किया कि वे पीतल के साथ-साथ सोने-चांदी के आभूषणों की भी विशेष सफाई करते हैं. उनकी बातों में आकर वृद्धा ने पहले पीतल की एक घंटी उन्हें सफाई के लिए दी. (नीचे भी पढ़े)
इसके बाद ठगों के भरोसे में आकर वृद्धा ने अपनी सोने की अंगूठी भी सौंप दी.ठगों ने अंगूठी को एक पाउडर भरी पुड़िया में डालकर सफाई की प्रक्रिया समझानी शुरू की. इसी दौरान उन्होंने सफाई का हवाला देते हुए वृद्धा से सोने की चेन और लॉकेट भी ले लिया. सभी गहनों को एक ही पुड़िया में डालकर उन्होंने वृद्धा से कहा कि दस मिनट बाद पुड़िया खोली जाए. इसके बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए.(नीचे भी पढ़े)
कुछ देर बाद जब वृद्धा ने पुड़िया खोली तो वह खाली मिली. पीड़िता के अनुसार ठगी किए गए गहनों की कीमत लगभग चार लाख रुपये है. सूचना मिलने पर सोनारी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं, स्थानीय लोग ऐसे फर्जी ठगों से सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं.



