गया: गयाजी जिले के बाराचट्टी स्थित सैन्य अभ्यास फील्ड रेंज में अचानक बम विस्फोट में एक नाबालिग सौरभ कुमार की मौत हो गयी, जबकि दूसरा मुकेश कुमार गंभीर रुप से घायल हो गया. सैन्य अभ्यास के बाद सुरक्षा मानको के पालन में हुई चूक पर सवालिया निशान खड़े होने लगे है. शुक्रवार को कुछ युवक बाराचट्टी थाना क्षेत्र के बुमेर पंचायत के विघी पहाड़ी के पास स्थित प्रतिबंधित क्षेत्र सैनिक अभ्यास फील्ड रेंज में आए थे. घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल गया रेफर कर दिया गया. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी गयी है. विदित हो कि सीआरपीएफ राजगीर की टीम ने फायरिंग रेंज को तीन दिन के लिए बुक किया था.(नीचे भी पढे)
29 जनवरी से सीआरपीएफ राजगीर की टीम फायरिंग रेंज में अभ्यास कर रही थी, जो 31 जनवरी तक प्रस्तावित था. लेकिन फायरिंग अभ्यास एक ही दिन में समाप्त कर दिया गया.सीआरपीएफ का कहना है कि फायरिंग शुरू होने के पहले रेंज से जुड़े आस पास के गांवों के लोगों को इसकी जानकारी दी गयी थी, कि प्रतिबंधित एरिया में किसी हालत में नहीं जाए. गांव के मुखिया ने बताया कि यह क्षेत्र सैनिक अभ्यास के लिए उपयोग में लाया जाता है. चारों ओर जंगल से घिरे इलाके में फायरिंग से पहले अस्थायी रुप से प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया जाता है. लेकिन स्थायी घेराबंदी और प्रभावी निगरानी नहीं होने के कारण ग्रामीणों का आवागमन बना रहता है. गांव के लोग विस्फोट किए गए बम गोला व ग्रेनेट अवशेष में तांबा चुनने के लिए रेंज एरिया में चले जाते है, जिससे दुर्घटना हुई है.



