जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में छिनतई की एक घटना सामने आई है. वीणापानी नर्सिंग होम के पास बिरसानगर जोन नंबर-वन बी निवासी राहुल राव के साथ मारपीट कर गले से सोने की चेन छिनने का मामला दर्ज कराया गया है. पीड़ित के बयान पर कदमा थाना में एक नामजद आरोपी और आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. घटना के संबंध में भुक्तभोगी राहुल राव ने पुलिस को बताया कि 31 जनवरी की रात करीब 10 बजे वे वीणापानी नर्सिंग होम के पास से गुजर रहे थे. इसी दौरान श्रवण उर्फ बोधी अपने 7-8 साथियों के साथ वहां पहुंचा और उन्हें घेर लिया. आरोप है कि सभी ने मिलकर राहुल राव के साथ गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी. मारपीट के दौरान ही आरोपियों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पीड़ित ने कदमा थाना पहुंचकर मामले की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि नामजद आरोपी श्रवण उर्फ बोधी की तलाश के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. कदमा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि अन्य आरोपियों की पहचान की जा सके. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.








