जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर में बच्ची के साथ यौन शोषण के मामले में स्कूली वैन चालक को जेल भेजने के मामले में वैन चालकों ने जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू से मुलाकात की है. इन लोगों ने इस कांड की विवेचना को लेकर उठे गंभीर सवालों के बीच जमशेदपुर स्कूली वाहन सेवा संचालक समिति के आह्वान पर मंगलवार को शहर के स्कूली वाहन चालकों ने हड़ताल की. हड़ताल का असर टेल्को, बिरसानगर और गोविंदपुर क्षेत्र में पूरी तरह दिखा, जबकि जमशेदपुर शहर के अन्य हिस्सों में भी 50 प्रतिशत से अधिक वाहन चालकों ने नैतिक समर्थन देते हुए वाहन सेवा से दूरी बनाए रखी. सुबह बड़ी संख्या में अभिभावक अपने निजी वाहनों से बच्चों को स्कूल पिक-ड्रॉप करते नजर आए, जिससे लिटिल फ्लॉवर स्कूल, टेल्को सहित कई स्कूलों के आसपास जाम की स्थिति बनी रही. वाहन चालकों ने आरोप लगाया कि पोस्को कांड में जांच की दिशा केवल एक स्कूल वैन चालक तक सीमित कर दी गई है, जबकि प्राथमिकी के अनुसार कथित घटना विद्यालय परिसर में घटित होना दर्शाया गया है.(नीचे भी पढ़े)
समिति का कहना है कि बच्ची को लिटिल फ्लॉवर स्कूल, टेल्को से क्लूनी प्रीप्रेटरी स्कूल, बिरसानगर भेजने की प्रक्रिया में अभिभावकीय सहमति, गेट रजिस्टर, अधिकृत एस्कॉर्ट, सुरक्षा एसओपी और सीसीटीवी जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की अनदेखी की गई. समिति के अनुसार, यदि कथित घटना क्लूनी प्रीप्रेटरी स्कूल, बिरसानगर परिसर में हुई है, तो उस समय बच्ची की सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य और ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों की बनती है, जिसकी विवेचना अब तक नहीं की गई है. इसको लेकर वाहन चालकों का कहना है कि विद्यालय प्रबंधन व शिक्षकों की संस्थागत जवाबदेही तय नहीं की गई. समय रहते पुलिस को स्वयं सूचना न देने के पहलू पर चुप्पी है. स्कूल परिसर में सीसीटीवी निष्क्रिय होने और रिकॉर्ड के अभाव की जांच नहीं की. लिटिल फ्लॉवर स्कूल, टेल्को की भूमिका को विवेचना से अलग रखा गया. पोस्को एक्ट, जेजे एक्ट व आरटीइ एक्ट के तहत संस्थागत लापरवाही की अनदेखी हुई. इन लोगों ने 13 सूत्री मांग पत्र सौंपा. (नीचे भी पढ़े)
इन लोगों ने मांग की है कि आइएएस, आइपीएस अधिकारियों की संयुक्त एसआइटी का गठन, लिटिल फ्लॉवर स्कूल, टेल्को और क्लूनी प्रीप्रेटरी स्कूल, बिरसानगर की भूमिका की अलग-अलग जांच करने, लापरवाही पाए जाने पर प्रबंधन, प्राचार्य व शिक्षकों को सह-अभियुक्त बनाने, सीसीटीवी, मोबाइल और डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच करने, अन्य बच्चों, चालकों व स्टाफ के बयान दर्ज करने, स्कूलों की मान्यता व अफिलिएशन की जांच, मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की है. हड़ताल कर रहे वाहन चालकों के प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू से मुलाकात कर मामले में एसआइटी गठन करने, दोनों स्कूलों के प्रबंधन व स्टाफ को सह-अभियुक्त बनाने और लिटिल फ्लॉवर स्कूल व क्लूनी प्रीप्रेटरी स्कूल को सील कर कानून सम्मत कार्रवाई करने की मांग रखी. विधायक ने आश्वस्त किया कि वे जिले के उपायुक्त से शीघ्र मुलाकात कर मामले में निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए आवश्यक पहल करेंगी तथा दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की माँग उचित मंच पर उठाई जाएगी. वाहन चालकों ने स्पष्ट किया कि जब तक जिला प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। सुबह लिटिल फ्लॉवर स्कूल, टेल्को के समक्ष वाहन चालकों ने एकत्र होकर पैदल मार्च और नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई.







