जमशेदपुर : गालूडीह थाना क्षेत्र के उलदा पंचायत की उप मुखिया शा रानी महतो के पति एवं प्रज्ञा केंद्र संचालक तारापद महतो की हत्या मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया. गिरफ्तार आरोपी का नाम निवास कुमार दुबे उर्फ छोटू दुबे है, जिसे उलीडीह से गिरफ्तार किया गया. उसके पास से एक पिस्तौल, 3 जिंदा गोली और 1 लाल काला रंग का टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल बरामद किया गया है. ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर जानकारी दी कि इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. वहीं एक अन्य वांछित अपराधी की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है. इस मामले में पूर्व में दो आरोपियों को एमजीएम थाना क्षेत्र के चांदनी चौक के पास से चेकिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया था. (नीचे भी पढ़ें)
ग्रामीण एसपी ने बताया कि तारापद महतो हत्याकांड में एक अभियुक्त को उलीडीह थाना अंतर्गत देखा गया. जिस पर एसएसपी, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी के दिशा निर्देश पर घाटशिला एसडीपीओ के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. जहां उसे उसके ससुराल उलीडीह से गिरफ्तार किया गया. पूरा विवाद जमीन विवाद को लेकर है, जिसके अब तक तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है. वहीं एक अभियुक्त की तलाश जारी है. उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा.







