जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत भालूबासा काली मंदिर रोड नंबर-9 इलाके में शुक्रवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब भिखारी के भेष में आई दो महिलाओं को चोरी की कोशिश करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया. खास बात यह रही कि दोनों महिलाएं अपने साथ गोद में छोटे-छोटे बच्चों को लिए हुई थीं, जबकि उनके साथ एक 5 से 6 वर्ष का बच्चा भी मौजूद था, जिससे किसी को उन पर शक नहीं हुआ. प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह उक्त इलाके के एक घर का मुख्य गेट खुला देखकर दोनों महिलाएं अचानक घर के भीतर प्रवेश कर गयी. घर में घुसते ही उन्होंने अलमारी खोलकर कीमती सामान, मोबाइल फोन और अन्य घरेलू वस्तुओं पर हाथ साफ करने की कोशिश शुरू कर दी. इसी दौरान घर के अंदर से हल्की आवाजें सुनाई दीं, जिससे घरवालों को संदेह हुआ. (नीचे भी पढ़ें)
आवाज सुनकर जब घर के सदस्य अंदर पहुंचे तो उन्होंने दोनों महिलाओं को चोरी करते हुए पकड़ लिया. खुद को घिरता देख महिलाएं बहाने बनाने लगीं और खुद को मजबूर व गरीब बताने लगीं. घटना की जानकारी मिलते ही शोर मच गया, जिसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर थाने ले गयी. पुलिस बच्चों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं यह कोई संगठित गिरोह तो नहीं, जो बच्चों का इस्तेमाल सहानुभूति पाने और चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देने में करता हो. इलाके के लोगों का कहना है कि महिलाओं की वेशभूषा और बच्चों को साथ रखने के कारण वे बिल्कुल मासूम प्रतीत हो रही थीं, जिससे किसी को भी उन पर शक नहीं हुआ. घटना के बाद से इलाके के लोग सतर्क हो गए हैं और घरों के गेट-दरवाजे बंद रखने तथा अजनबियों से सावधान रहने की अपील कर रहे हैं.







