जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो नगर निगम क्षेत्र के बादाम सही रोड नंबर 7 में वार्ड संख्या 21 से मोहम्मद शमशेर ने अपनी दावेदारी पेश करते हुए नामांकन दाखिल कर दिया है. नामांकन के बाद उन्होंने क्षेत्र की जनता से समर्थन और सहयोग की अपील की. इस अवसर पर उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे. समर्थकों ने नारेबाजी कर उनका उत्साह बढ़ाया और जीत का भरोसा जताया. नामांकन के उपरांत मोहम्मद शमशेर ने कहा कि वे लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं और वर्षों से वार्ड की समस्याओं को नजदीक से देखते आ रहे हैं. उन्होंने बताया कि वार्ड में साफ-सफाई की बदहाल स्थिति, पेयजल संकट, जर्जर नालियां, खराब सड़कें, स्ट्रीट लाइट की कमी, पिच रोड का अभाव,स्वास्थ्य सेवाओं की दिक्कतें और शिक्षा से जुड़ी समस्याएं आम जनता के लिए गंभीर चुनौती बनी हुई हैं. यदि जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है तो इन सभी बुनियादी समस्याओं के समाधान को वे अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे और क्षेत्र का विकास पर जोर देंगे. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि वार्ड संख्या 21 के समग्र विकास के लिए वे ईमानदारी, पारदर्शिता और पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगे. उनका लक्ष्य है कि वार्ड के हर गली-मोहल्ले तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचे और आम नागरिकों की आवाज नगर निगम तक मजबूती से रखी जाए. उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देने की बात कही. मोहम्मद शमशेर की दावेदारी के बाद वार्ड संख्या 21 में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है. अब देखना होगा कि जनता किस प्रत्याशी पर भरोसा जताती है और वार्ड की जिम्मेदारी किसके हाथों में जाती है.







