जमशेदपुर : देहरादून में जमशेदपुर के गैंग्स्टर विक्रम शर्मा की हत्या करने के मामले में उत्तराखंड सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है. उत्तराखंड सरकार ने देहरादून के एसएसपी अजय सिंह को हटा दिया है. उनका तबादला कर दिया गया है. बताया जाता है कि विक्रम शर्मा की हत्या के पहले देहरादून में पांच हत्या 15 दिनों में हो गयी थी, जिस कारण यह कार्रवाई की गयी है. देहरादून के एसएसपी रहे अजय सिंह की जगह हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल को देहरादून का एसएसपी बनाया गया है. उनको तत्काल प्रभाव से कमान संभालने को कहा गया है. एसटीएफ एसएसपी के तौर पर अजय सिंह को पदस्थापित किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, हरिद्वार के एसएसपी के तौर पर नवनीत सिंह भुल्लर का पदस्थापन किया गया है. दूसरी ओर, गैंग्स्टर विक्रम शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस की टीम ताबड़तोड़ छापामारी कर रही है. बताया जाता है कि देहरादून पुलिस हरिद्वार में छापामारी कर रही है. अब तक की जांच में उत्तराखंड पुलिस को जानकारी मिली है कि हमलावरों ने हरिद्वार से दो गाड़ियों को भाड़े पर लिया था. इसमें एक बाइक और एक स्कूटी शामिल है. हत्या की घटना को अंजाम देने वख़ले हमलावरों ने किराये की गाड़ियों का इस्तेमाल किया था. इसके बाद वे लोग हरिद्वार में ही छिपे हुए है. उतराखंड का एसटीएफ को भी काम पर लगाया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जाता है कि जमशेदपुर के दो अपराधियों के तौर पर पहचान हुई है, जिन्होंने विक्रम शर्मा की हत्या की. देहरादून के एसपी खुद मामले की जांच करने हरिद्वार पहुंचे हैं. वहीं, एक स्पेशल टीम को देहरादून पुलिस ने झारखंड भेजा है. वह टीम जमशेदपुर आने वाली है. दूसरी ओर, अब तक की मिली जानकारी के मुताबिक, विक्रम शर्मा जब भी देहरादून में रहते थे, तो वे सिल्वर सिटी स्थित एनीटाइम फिटनेस जिम में जाते थे. वहां से निकलते वक्त सुबह करीब 10 बजकर 10 मिनट पर हत्या कर दी गयी थी. विक्रम शर्मा देहरादून के अमन विहार का निवासी था और स्टोन क्रशर का कारोबार भी करता था.



