जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना अंतर्गत पंछी मोहल्ला स्थित काबली कब्रिस्तान के पास मंगलवार सुबह एक 17 वर्षीय युवती का शव पेड़ से लटका हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतका की पहचान शिवानी कुमारी (ओदर मुंडा) के रूप में हुई है, जो सोमवार शाम बिष्टुपुर स्थित अपने घर से दूध लेने निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. परिजनों के अनुसार, शिवानी रोजाना की तरह शाम करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच घर से निकली थी. आधे घंटे तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. देर रात बिष्टुपुर थाना को सूचना दी गयी, जिसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की. (नीचे भी पढ़ें)
लोकेशन जुगसलाई के जंगल क्षेत्र में मिलने पर परिजन और पुलिस रात करीब 12:30 बजे वहां पहुंचे और अंधेरे में करीब 2:00 बजे तक खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली. मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने उसी इलाके में पेड़ से लटका शव बरामद किया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मृतका के अभिभावक सुरेश कुमार ने बताया कि शिवानी को मोबाइल का शौक था और हाल ही में उसे महंगा फोन दिलाया गया था. उन्होंने यह भी कहा कि उसकी मानसिक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं थी. (नीचे भी पढ़ें)
जुगसलाई थाना के सब-इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि पुलिस आत्महत्या और अन्य पहलुओं दोनों पर जांच कर रही है. कॉल डिटेल्स खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि घटना से पहले वह किसके संपर्क में थी.




