जादूगोड़ा : स्वास्थ्य संबंधित जानकारी के अभाव में महिलाएं संक्रमण की शिकार हो जाती हैं व उपचार नहीं करा पाने के कारण उनकी असमय मृत्यु हो जाती है. ऐसी घटनाएं रोकने के लिए मंगलवार को कार्मिक अधिकारी स्टालिन हेंब्रम की अगुआई में तुरामडीह क्लब भवन में महिलाओं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला में बड़ी संख्या में कंपनी के विस्थापित व प्रभावित गांव तालसा, केरुआडुंगरी, नान्दुप व तुरामडीह की महिलाओं ने हिस्सा लिया. कार्यशाला के बाद महिलाओं ने अपने अनुभव को भी साझा किया तथा गांव की गुड़िया सवैया ने यूसिल प्रबंधन की इस पहल की सराहना की तथा कहा कि इस दौरान कई बीमारियों के बचाव के उपाय से अवगत कराया गया. ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता अभियान से परिवार, समाज व देश स्वस्थ रहेगा. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यकम का उद्घाटन मुख्य अतिथि, यूसिल की तुरामडीह माइंस की मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ बबिता साव, डॉ श्वेता कुमारी, अस्पताल की नर्स संजुता कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर किया. यूसिल के तुरामडीह क्लब भवन में आयोजित जागरूकता अभियान को सम्बोधित करते हुए डॉ बबिता साव ने कहा कि परिवार स्वस्थ रहेगा तो समाज व देश स्वस्थ होगा. उन्होंने जीवन शैली से जुड़ी बीमारियों, बच्चों के टीकाकरण के महत्व, महिलाओं के विभिन्न चरणों में जरूरी पोषण पर अपने विचार रखे तथा अंत में उन्होंने चीनी कम जीवन में दम का संदेश दिया. (नीचे भी पढ़ें)
समारोह को डॉ श्वेता कुमारी ने भी संबोधित किया. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के अभाव में लोग संक्रमण से लड़ने के उपाय नहीं कर पाते. स्वास्थ्य से संबंधित जागरूकता से परिवार एवं समाज स्वस्थ बनेंगे. अस्पताल की नर्स संयुक्ता कुमारी ने टीकाकरण के महत्व से महिलाओं को अवगत कराया. कार्यक्रम को सफल बनाने में यूसिल की ओर से कार्मिक अधिकारी स्टालिन हेंब्रम, अरुण नायक, राजेश चौरसिया, वकील हेंब्रम, डॉ सुमित महानंद आदि ने अहम योगदान किया.




