जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी अंतर्गत में चोरी के एक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी शेख राजा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता एक बार फिर सामने आयी है. कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2025 में क्षेत्र के एक घर में चोरी की घटना हुई थी. इस वारदात को दो आरोपियों ने मिलकर अंजाम दिया था, जिसमें घर से कीमती सामानों की चोरी की गयी थी. घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश था और पुलिस पर जल्द कार्रवाई का दबाव बढ़ गया था. (नीचे भी पढें)
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की. जांच के क्रम में पहले ही एक आरोपी यासीर अंसारी उर्फ यसीर बच्चा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था. हालांकि, दूसरा आरोपी शेख राजा घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी. ओपी प्रभारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर आरोपी को धर दबोचा. गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस के अनुसार, मामले की जांच लगभग पूरी कर ली गयी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है. साथ ही क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जायेगा.



