जमशेदपुर: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह छायानगर में मंगलवार की रात एक दुखद घटना में 55 वर्षीय व्यक्ति की पलंग से गिरने के बाद मौत हो गयी. मृतक की पहचान रवींद्र प्रसाद के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, रवींद्र प्रसाद रात करीब 8 बजे अपने घर में पलंग पर बैठकर टीवी देख रहे थे. इसी दौरान कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जैसे ही वे टीवी बंद करने के लिए पलंग से उतरने लगे, अचानक संतुलन बिगड़ गया और वे जमीन पर गिर पड़े. गिरने के तुरंत बाद उन्हें खून की उल्टियां होने लगीं, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गयी. (नीचे भी पढे़ं)

परिजन तत्काल उन्हें लेकर रात करीब 10 बजे एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. परिजनों ने बताया कि रवींद्र प्रसाद पिछले डेढ़ साल से डायबिटीज और टीबी जैसी बीमारियों से जूझ रहे थे. घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और अचानक हुई इस घटना पर किसी को विश्वास नहीं हो रहा है. बताया जाता है कि रवींद्र प्रसाद गोलगप्पा बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे और अपने एक पुत्र व तीन पुत्रियों की जिम्मेदारी निभा रहे थे.



