जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में बकरी चोरी का एक मामला सामने आया, जिसमें स्थानीय व्यक्ति की सतर्कता से एक आरोपी पकड़ा गया. हितकु निवासी लाल बाबू सिंह की कुछ दिन पहले दो बकरियां चोरी हो गयी थीं. उन्होंने संदिग्ध कार का नंबर नोट कर लिया था. मंगलवार को वही कार दोबारा इलाके में दिखी, तो उन्होंने उसका पीछा किया. पीछा करते हुए वे परसुडीह पहुंचे, जहां ट्रैफिक में फंसने के कारण स्थानीय लोगों की मदद से कार को रोक लिया गया. वाहन में सवार तीन लोगों में से दो आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि एक युवक को पकड़ लिया गया. युवक की पहचान मानगो जवाहरनगर रोड नंबर 13 ए के रहने वाले इंजीमाम के रूप में हुई है. (नीचे भी पढे़ं)

कार की तलाशी लेने पर उसमें से आठ बकरियां बरामद हुईं, जिससे संगठित चोरी गिरोह की आशंका जताई जा रही है. घटना के बाद गुस्साए लोगों ने पकड़े गए युवक की पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से बचाकर हिरासत में ले लिया. पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और आरोपी से पूछताछ जारी है. साथ ही फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके में भय का माहौल है, हालांकि इस कार्रवाई के बाद लोगों ने राहत महसूस की है.



