जमशेदपुर : टाटा स्टील ने अपने क्वालिटी में सुधार को लेकर क्वालिटी बोर्ड का गठन किया है. 2024 में इसका पहली बार गठन किया गया था. इसके बाद नयी कमेटी का गठन किया गया है. पहली बार क्वालिटी बोर्ड की कमेटी में स्वतंत्र सलाहकार के तौर पर डॉ एन कानो ने अपना योगदान दिया था और टाटा स्टील में क्वालिटी में काफी सुधार किया था. अभी के नये क्वालिटी बोर्ड में स्वतंत्र सलाहकार के तौर पर टीवीएस मोटर कंपनी के सीइओ व डायरेक्टर केएन राधाकृष्णन को जगह दी गयी है. टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन इसके चेयरपर्सन होंगे. श्री नरेंद्रन ने बताया है कि केएन राधाकृष्णन के अनुभव का काफी ज्यादा लाभ कंपनी को मिलेगा. (नीचे भी पढ़ें)
इस क्वालिटी बोर्ड की बैठक हर तीन माह में होगी. टाटा स्टील जमशेदपुर, कलिंगानगर, मेरामंडली और सीएक्स मीटिंग भी होगी. यह बोर्ड ग्राहक अनुभव में उत्कृष्टता लाने के लिए, उत्पादों, सेवाओं और समाधानों में ”गुणवत्ता” को एक विशिष्ट पहचान के रूप में स्थापित करेगी. पूरी वैल्यू चेन में गुणवत्ता आश्वासन (क्वालिटी एश्योरेंस) के तरीकों में तालमेल बिठायेगी और बुनियादी ढांचे, क्षमताओं और प्रोजेक्ट से जुड़े कामों में एकरूपता को बढ़ावा देगी, ताकि गुणवत्ता से जुड़े दीर्घकालिक लक्ष्यों को हासिल किया जा सके. इसके अलावा शुरू से आखिर तक”” (एंड टू एंड) चलने वाली क्वालिटी एश्योरेंस प्रक्रियाओं की निगरानी करेगी और वैश्विक स्तर पर अपनाये जाने वाले बेहतरीन तरीकों को लागू करने की पहल की जायेगी.




