जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए. जोन नंबर 4 स्थित रोड नंबर 4 में बुधवार देर रात एक महिला के गले से सोने की चेन छीनकर बदमाश फरार हो गया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिरसानगर जोन नंबर 4 निवासी रजनी उपाध्याय बुधवार रात करीब 11:40 बजे अपने घर के दरवाजे के पास खड़ी थीं. इसी दौरान अचानक एक अज्ञात युवक वहां पहुंचा और झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली. घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला. चेन छिनतई के बाद रजनी उपाध्याय ने जोर-जोर से शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो चुका था. आसपास के लोग शोर सुनकर बाहर निकले, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल सका. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलने के बाद मामला बिरसानगर थाना पहुंचा, जहां पीड़िता के बयान के आधार पर अज्ञात बदमाश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है. लोगों ने रात के समय पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.



