कुमारी अंजलि / सरायकेला : उत्तर प्रदेश के अयोध्या से 12 ज्योतिर्लिंग चार धाम की पद यात्रा पर निकले एक युवक गुरुवार को चांडिल पहुंच गया है. उसकी इस यात्रा ने स्थानीय लोगों का ध्यान आकर्षित किया है. युवक ने बताया कि इस पद यात्रा का मुख्य उद्देश समाज में शांति, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश फैलाना है. उसने बताया कि वह बिहार के सीतामढ़ी जिले का रहने वाला है. उसने पद यात्रा की शुरुआत अयोध्या से की है. पदयात्रा की शुरूआत उसने 12 फरवरी से की है. वह बीते 43 दिनों में काशी विश्वनाथ और बैद्यनाथ धाम की पद यात्रा कर चुका है. अब वह पुरी की ओर प्रस्थान कर रहा है. इसी दौरान लोगों ने उसे चांडिल के जोयदा पुल पर पद यात्रा करते देखा. उसने बताया कि वह प्रतिदिन 30-35 किमी पदयात्रा करता है. रात में जगह मिलने से विश्राम करता है. उसकी यह पैदल यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता का भी संदेश देती है.



