जमशेदपुर : जमशेदपुर में वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न शहरी थाना क्षेत्रों में असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक छापामारी अभियान चलाया गया. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना था. पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत कुल 82 स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की गयी. विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की जांच-पड़ताल की. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान कुल 88 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया, जिनमें से कई को चेतावनी देकर छोड़ा गया, जबकि संदिग्ध पाए जाने वालों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया भी प्रारंभ की गयी. अभियान के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी विशेष ध्यान दिया गया. पुलिस ने जांच के क्रम में कुल 44 वाहनों को जब्त किया, जिनमें बिना कागजात, अवैध पार्किंग तथा अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन शामिल थे. संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गयी. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि शहरी क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनी रहे और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके. आम जनता से भी अपील की गयी है कि वे कानून का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. इस अभियान से शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की सख्ती साफ तौर पर देखने को मिली है, जिससे आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत होने की उम्मीद है.



