जमशेदपुर: सरायकेला थाना अंतर्गत रुगड़ीसाइ में गुरुवार शाम को आसमानी बिजली गिरने से 21 वर्षीय युवक श्याम हेंब्रम की मौके पर ही मौत हो गई. घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 6 बजे श्याम हेंब्रम अपने घर में सो रहा था. इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आसमान से बिजली गिरी. दुर्भाग्यवश, श्याम इसकी चपेट में आ गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई. घटना इतनी अचानक हुई कि परिवार के लोग कुछ समझ ही नहीं पाए और घर में अफरा-तफरी मच गई. (नीचे भी पढ़े)
बताया जा रहा है कि घटना के बाद परिजन गंभीर अवस्था में श्याम को रात करीब 10 बजे सदर अस्पताल सरायकेला लेकर पहुंचे. हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. हैरानी की बात यह रही कि अस्पताल से लौटने के बाद परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव को अपने घर ले गए. शुक्रवार को जब मामले की जानकारी सरायकेला थाना पुलिस को मिली, तो पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है. ग्रामीणों में भी डर का वातावरण बना हुआ है, वहीं परिजन गहरे सदमे में हैं.



