रामगोपाल जेना चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सली घटनाओं में मारे गए लोगों के आश्रितों को राज्य सरकार के प्रावधानों के तहत अनुकम्पा के आधार पर नियुक्ति प्रदान की गई है. इस संबंध में शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त चंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने नियुक्ति पत्र सौंपा. (नीचे भी पढे)

विदित हो कि गुदड़ी थाना क्षेत्र में 12 जनवरी 2018 को सादो बारजो तथा आनन्दपुर थाना क्षेत्र में 27 मार्च 2020 को नमन बुढ़ की नक्सलियों ने हत्या कर दी थी. इन घटनाओं के बाद राज्य सरकार की नीति के तहत मृतकों के आश्रितों को नौकरी देने का निर्णय लिया गया.इस बाबत जिला स्तरीय अनुकम्पा समिति की बैठक 26 सितंबर 2025 एवं 20 मार्च 2026 को आयोजित की गई थी, जिसमें पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव के आधार पर मृतक सादो बारजो की पत्नी श्रीमती एसरन सोय (ग्राम-लामडार, थाना-गुदड़ी) एवं मृतक नमन बुढ़ के पुत्र विकास बुढ़ (ग्राम-गुन्डरी, थाना-आनन्दपुर) को निम्नवर्गीय लिपिक के पद पर नियुक्ति देने का निर्णय लिया गया. आज आयोजित कार्यक्रम में दोनों आश्रितों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया. यह पहल मृतकों के परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने एवं उनके पुनर्वास के उद्देश्य से की गई है.



