जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान ने बढ़ती गर्मी और पानी की गंभीर कमी को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. 13 अप्रैल को आयोजित बोर्ड की पहली बैठक में पारित योजनाओं के क्रियान्वयन को तेज करने के लिए कड़े निर्देश जारी किए गए हैं. उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से जुगसलाई के विभिन्न वार्डों में पानी की कमी एक गंभीर समस्या बनी हुई है, जो गर्मी के मौसम में और अधिक बढ़ जाती है. इसी समस्या के समाधान के लिए बोर्ड की बैठक में डीप बोरिंग और जल मीनार की अधिष्ठापन को प्राथमिकता दी गई थी. (नीचे भी पढ़ें)
नौशीन खान ने अपने पत्र में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शीघ्र कार्रवाई करते हुए जुगसलाई के विभिन्न क्षेत्रों में 20 ऐसे स्थानों की पहचान की जाए, जहां पानी की अत्यधिक कमी है, और वहां डीप बोरिंग तथा जल मीनार की अधिष्ठापन सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को पानी की समस्या से राहत मिल सके. उन्होंने आगे कहा कि जन समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और पानी जैसी बुनियादी आवश्यकता के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे. इस पहल से उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में जुगसलाई के निवासियों को पानी की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी.




