जमशेदपुर : जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र में शनिवार करीब रात 9 बजे हुई चाकूबाजी की घटना में 4 लोग घायल हो गए. सूत्र बताते हैं कि पहले से चली आ रही आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. जबकि बीच बचाव करने गए एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति को भी चाकू मार कर घायल कर दिया गया है. घटना ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित नूर कॉलोनी की है, जहां अचानक हुए झगड़े के दौरान धारदार हथियार भुजाली का इस्तेमाल किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

घायलों की पहचान शेख खान (18 वर्ष), समीर खान (20 वर्ष), मोहम्मद शोएब (22 वर्ष) एवं पप्पू के रूप में हुई है. घायलों में समीर खान को छोड़ बाकी सभी को एमजीएम अस्पताल लाया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद पहले कहासुनी से शुरू हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया. हमले में तीनों युवक लहूलुहान हो गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. (नीचे भी पढ़ें)
गश्त अभियान पर निकले आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने तत्काल घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार, 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है जबकि 2 की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. वहीं, हमलावरों ने मौके पर खड़ी एक बुलेट बाइक को भी आग के हवाले कर दिया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया और आसपास के इलाके को सुरक्षित किया. इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश को घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है. घटना की सूचना पर थाना प्रभारी चंदन कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी एमजीएम अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली.





